Understanding Australia
Radio Australia
homeimpressionspeoplepoliticsenvironmenteducationfaqsaboutABC Asia Pacific
 

आस्ट्रेलिया इंडिया काऊन्सिल के सहयोग के द्वारा ।

  • English Version

रेडियो आस्ट्रेलिया का वर्तमान आस्ट्रेलिया

१३ भागों की यह कड़ी रेडियो आस्ट्रेलिया द्वारा मेलबर्न में स्थित नेश्नल सेंटर फ़ार आस्ट्रेलियन स्टडीज़, मोनेश विश्वविद्यालय के सहयोग से निर्देशित की गई है।

वर्तमान आस्ट्रेलिया की कड़ियों का सारांश पढ़िए और कड़ियों को सुनिए।
यहाँ क्लिक करें

निम्नलिखित प्रश्नोत्तर शिक्षा के उद्देश्य से आस्ट्रेलिया आने वाले अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों तथा अन्य पर्यटकों के लिए बनाए गए हैं। यह प्रश्नोत्तर रेडियो आस्ट्रेलिया ने मोनेश और आर एम आई टी विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के सलाहकारों के साथ हुए साक्षात्कारों में से सम्मिलित किए हैं।

क्या आस्ट्रेलिया सुरक्षित है ?

आमतौर पर, पर्यटकों, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए आस्ट्रेलिया एक कम ख़तरनाक देश माना जाता है। संगीन अपराध कम होते हैं परन्तु आये-दिन घरों में और वाहनों की चोरी जैसे अपराध होते रहते हैं। माना जाता है कि इन अपराधों का कारण नशीले पदार्थों का गैरकानूनी व्यापार है। हाल ही में संघीय सरकार ने सम्भावित आतंकवादी हमले से बचने के लिए एक चौकस योजना का प्रबंध करवाया है।

आस्ट्रेलिया में स्वास्थ्य कैसा रहता है ?

अत्यन्त पिछड़े हुए क्षेत्रों के अतिरिक्त, चिकित्सा-संबंधी देख भाल उच्च स्तर की होती है और आसानी से उपलब्ध करवाई जाती है। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को लगभग ३०० आस्ट्रेलियाई डालरस प्रति वर्ष के ओवरसीस स्टूडेंट हेल्थ कवर की आवश्यकता होती है। यह दाम विभिन्न बीमा-कम्पनीयों के अनुसार अलग-अलग भी हो सकते हैं।

आस्ट्रेलिया में किस प्रकार का भोजन मिलता है ?

दुनिया के लगभग हर प्रकार के भोजन आस्ट्रेलिया के प्रमुख नगरों में मिलते हैं। अधिकतर भोजनालय वहाँ उपलब्ध भोजन और उनके दाम दरवाज़े पर ही लगाते हैं। यहाँ पर कई प्रकार के सस्ते एवं बढ़िया भोजनालय हैं। ऐशियाई विद्यार्थियों को अपने देशों का भोजन यहाँ आसानी से मिल सकता है। यदि आप भोजन पर ज़्यादा खर्चा नहीं करना चाहते तो आपकी सहायता के लिए विश्वविद्यालयों एवं कालेजों के कैंटीन, सैंडविच स्टाल, फास्ट फूड और अनेकों कैफे बनाए गए हैं।

...और यदि मैं भोजन पर अधिक खर्चा करने में समर्थ नहीं हूँ तो ?

आप स्वयं खाना पकाने का आनन्द ले सकते हैं। शहरों और उपनगरों में आपको भोजन पकाने के लिए ताज़ा सामान दुकानों और सुपर बाज़ारों में आसानी से मिल सकता है। सभी प्रमुख शहरों में हलाल मीट और अन्य उत्पादन भी मिलते हैं। यदि आप रसोई का सामान ख़रीदना चाहते हैं तो गराज-छूटों और 'ट्रेश ऐंड ट्रेझर' बाज़ारों का लाभ उठा सकते हैं। इस विषय पर आप अपने विश्वविद्यालय, इंटरनेट कैफ़ेस और दुकानों से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

मैं यहाँ पर अपने अकेलेपन से परेशान हूँ...

आगन्तुकों का अक्सर यह कहना है कि आस्ट्रेलियाई लोग दुनिया के सबसे ज़्यादा सुगम्य लोग हैं। यहाँ पर किसी भी व्यक्ति से बातचीत करना बहुत आसान है। परन्तु यदि आप पढ़ाई या नौकरी कर रहे हैं तो किसी से भी अधिक समय तक चलने वाली दोस्ती करना आपके लिए कठिन हो सकता है। इस संबंध में आप अपने विद्यालय या विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कई प्रकार के निःशुल्क मनोरंजन के कार्यक्रमों के अतिरिक्त आप किसी क्लब का भी हिस्सा बन सकते हैं।

आप स्थानीय चर्च, मंदिर, मस्जिद या यहूदी पूजास्थल में भी जा सकते हैं। इन सभी स्थानों पर भी कई प्रकार के कार्यक्रमों का समय-समय पर आयोजन किया जाता है। यदि आपको अपने देश या घर की याद आ रही हो तो विद्यार्थी सहायता केन्द्रों की मदद से आप अपनी आस्ट्रेलिया स्थित राष्ट्रीय संस्थाओं से संपर्क कर सकते हैं। आपकी पसंद से जुड़े क्लबस स इत्यादि के बारे में आप इंटरनेट या टेलिफोन निर्देशिका से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पैसा, पैसा, पैसा

आस्ट्रेलिया में सभी प्रमुख क्रेडिट कार्ड और ट्रेवर्लस चैकस स्वीकार किए जाते हैं। लगभग सभी स्थानों पर ए टी एमस भी आसानी से उपलब्ध हैं। आर्थिक संस्थाओं का अनुमान है कि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी यदि दो अन्य लोगों के साथ किराए के मकान में रहें तो उनका सालाना निर्वाह खर्च लगभग १५ से २०,००० आस्ट्रेलियाई डालर होगा। विश्वविद्यालय के भीतर उपलब्ध निवास कालेजों का किराया लगभग १६,५०० आस्ट्रेलियाई डालर प्रति वर्ष होता है। यह राशि छुट्टियों के अतिरिक्त साल के ३२ हफ़्तो में लिया गया किराया है जिसमें छुट्टियों में घर आने का खर्च शामिल नहीं है।

आस्ट्रेलिया में अस्थायी एवं अन्य कर्मचारियों की आय कितनी होती है ?

आस्ट्रेलिया में फरवरी २००३ तक एक आम कर्मचारी की आय लगभग ९०० आस्ट्रेलियाई डालर प्रति हफ़्ता थी परन्तु कई लोगों की आमदनी इससे बहुत कम होती है। लगभग २५ प्रतिशत आयकर कर्मचारियों को वेतन देने से पहले ही काट लिया जाता है। यदि किसी व्यक्ति का वेतन ४७,००० आस्ट्रेलियाई डालर प्रतिवर्ष है तो कर कटने के बाद उसे केवल ३५,२५० वेतन ही मिलता है। खरीदारी करने पर १० प्रतिशत गुडस एंड सर्विसिस टैक्स लगाया जाता है जो ज़्यादातर सामान के दाम में पहले ही जोड़ दिया जाता है।अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी केवल २० घंटे प्रति हफ़्ता कार्य कर सकते हैं। विशिष्ट विषयों में शिक्षा प्रदान करने से आप २५ आस्ट्रेलियाई डालर प्रति घंटा कमा सकते हैं। परन्तु आपको शुरूआत में होटलों जैसी जगहों पर काम करना पड़ सकता है जहाँ आपको केवल ११ से १२ आस्ट्रेलियाई डालर प्रति घंटा ही दिया जाएगा। यदि आप नौकरी की तलाश में हैं तो अपने विश्वविद्यालय के सूचना पट, इंटरनेट या समाचार पत्रों में दिए गए विज्ञापनों से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

पहनने के कपड़ों की समस्या ?

आस्ट्रेलिया के मौसम के विषय में जानकारी देना आसान नहीं है। आस्ट्रेलिया लेटीटयूड १० डिग्री ४१' दक्षिण से 43 डिग्री 39' दक्षिण तथा लोंगिटयूड 113 डिग्री 09' पूर्व से 153 डिग्री 39' पूर्व तक फैला हुआ है। आस्ट्रेलिया का आकार सम्पूर्ण युरोप जितना है और यहाँ पर विभिन्न प्रकार के मौसम पाए जाते हैं। हालांकि आस्ट्रेलिया में युरोप से अधिक गर्मी पड़ती है परन्तु कई पर्यटन की किताबों की सूचना से विपरीत, यहाँ के सभी क्षेत्र साल भर गर्म नहीं होते। यदि आप सर्दी के मौसम में आस्ट्रेलिया के मध्यम या दक्षिणी भाग में आएँ तो आपको गर्म कपड़ों की आवश्यकता होगी क्योंकि कई बार इन क्षेत्रों में न्यून्यतम तापमान शून्य डिग्री तक भी गिर जाता है। परन्तु हिमपात देश के केवल पूर्व-दक्षिणी क्षेत्रों और टेसमेनिया में ही होता है।

घर की तलाश

यदि आप आस्ट्रेलिया में रहने की जगह की खोज कर रहे हैं तो आप अपने विश्वविद्यालय या कालेज के विद्यार्थी सलाह केन्द्र से सम्पर्क कर सकते हैं। आप अपने विश्वविद्यालय के स्थानीय निवास के बारे में वहाँ के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं और यदि आप किराए के मकान की तलाश में हैं तो विश्वविद्यालय के सूचना पट, समाचार के विज्ञापन और इंटरनेट से आपको जानकारी प्राप्त हो सकती है। विद्यार्थी सलाह केन्द्र से आपको किराएदारों एवं मकान मालिकों के कर्त्तव्यों एवं कानूनी अधिकारों पर ताज़ा जानकारी मिल सकती है।

स्वयं सभी कार्य करने की समस्या

घर से पहली बार दूर रहना आपके लिए एक नया अनुभव होगा और इस अनुभव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है गृहस्ती का काम। यदि आप किसी और व्यक्ति के साथ एक मकान में रहते हैं तो यह सभी काम करना आपके लिए और भी अनिवार्य हो जाता है। ज़्यादातर लोग काम बाँट कर बारी-बारी करते हैं जिसमें खाना पकाने, घर एवं स्नान घर की सफाई तथा बाज़ार से सामान लाने जैसे अन्य कर्त्तव्य शामिल हैं। आपको यह सभी कार्य अत्यन्त गंभीरता पूर्वक करने होंगे ताकि किसी भी प्रकार का तनाव न पैदा हो सके क्योंकि तनावपूर्ण व्यवहार के कारण यदि आपको मकान से निकाल दिया जाए तो आपका पैसा और समय व्यर्थ हो सकते हैं।

आश्वासन

आपको पूर्ण रूप से आश्वासन देना कठिन है कि आपके घर के सामान वाहन या कम्पयूटर जैसी वस्तुओं की चोरी नहीं हो सकती। इसलिए आप अपनी वस्तुओं की सुरक्षा के लिए उनका बीमा करवा सकते हैं।

भाषा संबंधी समस्याएँ

स्थानीय पुलिस न्यायालय और कई सरकारी विभाग अनुवाद करवाने की सेवा भी प्रदान करते हैं। सरकारी बातें समझने में कठिनाई होने पर आप अनुवाद करवाने की माँग कर सकते हैं।

धर्म

अपने धर्म के नज़दीकी स्थल के बारे में आप अपने विश्वविद्यालय से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आस्ट्रेलिया में कई संस्थाएँ हाथ मुंह धोने के स्थानों और पुरूषों एवं महिलाओं के लिए नमाज़ अदा करने के अलग-अलग स्थानों की सुविधा उपलब्ध करवाती हैं।

जनता के लिए परिवहन-व्यवस्था

आस्ट्रेलिया के केन्द्रीय व्यापार क्षेत्रों में बहुत अच्छी परिवहन व्यवस्था उपलब्ध है। परन्तु यदि आप उपनगरीय परिवहन पर निर्भर करते हैं तो कई बार आपको लंबे इन्तज़ार के साथ-साथ अधिक चलना भी पड़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को पूरा किराया देना पड़ता है और आजकल कई विश्वविद्यालय और सहायक संस्थाएँ अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए इन दामों में छूट की मांग कर रहे हैं।

निजी परिवहन

१८ वर्ष की आयु से बड़े जो विद्यार्थी अपने देश में ड्राईवर लाएसेंस धारी हों उन्हें आस्ट्रेलियाई सरकार वाहन चलाने की अनुमति प्रदान करती है। परन्तु यह अनुमति आपको केवल एक विद्यार्थी के रूप में ही मिल सकती है, यदि आप आस्ट्रेलिया के नागरिक बनना चाहें तो केवल तीन महीने के समय में आस्ट्रेलियाई लाएसेंस बनवाना आपके लिए अनिवार्य है।

आस्ट्रेलिया के लोग सड़क की बाईं ओर वाहन चलाते हैं। यदि आप आस्ट्रेलिया में वाहन चलाना चाहते हैं तो आपके लिए यहाँ के यातायात संबंधी कानूनों एवं सड़क की बाईं ओर वाहन चलाने के नियमों से पूर्णतः परिचित होना अनिवार्य है।

आस्ट्रेलिया में यातायत संबंधी कानून कड़े रूप से लागू किए जाते हैं और वाहनों की धीमी गति एवं वाहन चलाते समय मोबाईल फ़ोन पर बात न करने के कानूनों पर प्रमुख रूप से बल दिया जाता है। वाहनों की गति नापने के लिए ट्रेफ़िक पुलिस कैमरों का प्रयोग करती है और सड़कों पर ट्रेफ़िक पुलिस के गुप्त वाहन निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। हम आपसे सड़कों पर सावधानी बरतने की आशा करते हैं क्योंकि ऐसा न करने से जुर्माने या दुर्घटनाओं की संभावना बड़ जाती है जिससे आपको अत्यधिक हानि हो सकती है।

आपके प्रश्नों एवं शिकायतों के हल ढ़ूँढ़ने का प्रयत्न

इस वेबसाईट के र्निमाण के दौरान हमने कई विश्वविद्यालयों के अध्यापकों से पूछा कि वे आस्ट्रेलिया में आए नए अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को क्या सुझाव देना चाहेंगे। अधिकतर अध्यापकों का कहना था कि विद्यार्थी कुछ पूछने में संकोच न करें। आस्ट्रेलियाई समाज और विश्वविद्यालयों दोनों में किसी भी प्रकार के प्रश्नों को बढ़ावा दिया जाता है। प्रश्न पूछने में संकोच न करें।

अपने प्रश्नों को बूझना आपके लिए और भी अनिवार्य हो जाता है यदि आपकी समस्या पढ़ाई या प्रशासनिक कामकाज से जुड़ी हो क्योंकि ऐसी समस्याओं का यदि शीघ्र निवारण न किया जाए तो यह गंभीर रूप धारण कर सकती हैं। यदि आपको लगता है कि आपके साथ बुरा व्यवहार हुआ है तो आपको शिकायत करने का पूरा अधिकार है।

आप पता लगा सकते हैं कि आप किसे शिकायत करें और ऐसा करने के बाद आप उस अधिकारी को बता सकते हैं कि आप क्या चाहते हैं। उदाहरण के लिए, यदि आपके द्वारा खरीदा गया कुछ सामान ख़राब है तो आप उसे बदलना चाहेंगे या फिर अपने पैसे वापिस लेना चाहेंगे।

यदि आप अपनी शिकायत जल्दी तथा नम्रता से करें तो आपको सफलता हासिल हो सकती है । यदि आपकी शिकायत पर ध्यान न दिया गया हो तो यहाँ पर कई न्याय केंद्र तथा सहायता केंद्र हैं जो आपकी सहायता कर सकते हैं। आपका विद्यार्थी सलाह केंद्र भी आपकी सहायता कर सकता है।

विश्वविद्यालय में परेशानी

यदि आपको अपनी पढ़ाई में कठिनाई हो रही है तो आप अपने अध्यापकों से बात कर सकते हैं, वे आपको सहयोग देंगे। विद्यार्थी अधिकारी आपकी शिकायतें तथा सहायता की माँगों का ध्यान रखेंगे। अधिकारी आपको स्पेशल कंसिडरेशन, एक्सक्लूशन पत्र, फैकलटी तथा विश्वविद्यालय में अपील तथा ऐकेडमिक प्रोग्रेस कमेटियों से बातचीत में सहायता कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के बाहर की परेशानी

यदि आपको कोई परेशानी है तो आप पुलिस से सम्पर्क कर सकते हैं। न्यायिक सहायता तथा वकील ढूँढने में विद्यार्थी सहायता केंद्र से आप सहायता ले सकते हैं।

यदि जूएँ से आपको कुछ परेशानी है तो आप 1800 156 789 पर फोन कर सकते हैं। यह एक निःशुल्क सेवा है तथा यहाँ से हर भाषा में आपको सहायता मिल सकती है।

अंतरराष्ट्रीय समाचार

एस बी एस टेलिविज़न स्टेशन द्वारा होंग कोंग, बीजिंग, रोम, बर्लिन, ऐथन्स, पेरिस, मोस्को, मेडरिड एवं जकारता से सोमवार से शनिवार सुबह समाचार प्रसारण किया जाता है। हर रविवार सुबह माल्टा, मनिला, बुडापेस्ट, कीईव, वारसो, सेनटीएगो और रोम से प्रसारण किया जाता है। प्रसारण समय की जानकारी आप समाचार पत्रों से प्राप्त कर सकते हैं।

एस बी एस ए म रेडियो १२२४ किलोहर्टज़ और एफ एम रेडियो ९३.१ मेगाहर्टज़ पर अनेकों भाषाओं में प्रसारण किया जाता है। ए बी सी के रेडियो आस्ट्रेलिया का प्रसारण इंटरनेट पर अंग्रेज़ी, मेनडेरिन, इंडोनिसियन, वियतनामी, खमेर और तोक पिसिन में २४ घंटे उपलब्ध रहता है। ए बी सी का समाचार प्रसारण करने वाला रेडियो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार १०२६ किलोहर्टज़ पर २४ घंटे प्रसारित करता है।

शराब पीना

अधिकतर आस्ट्रेलियाई लोगों के लिए शराब पीना एक महत्वपूर्ण सामाजिक क्रिया है परन्तु आपके लिए शराब पीना अनिवार्य नहीं है। आप शराब पीने से इनकार कर सकते हैं और कुछ और पी सकते हैं। पार्टियों में लोग अक्सर वाईन और बियर भेंट करते हैं परन्तु ऐसा करना भी किसी के लिए अनिवार्य नहीं है। आप फूल या चोकोलेटस जैसी चीज़ें भी भेंट कर सकते हैं।

आस्ट्रेलिया में कई बार आपको नशे में धुत्त लोग क्लबस और अन्य स्थानों पर देखने को मिलेंगे। इन लोगों से आपका दूर रहना ही लाभकारी होगा क्योंकि कई बार ऐसे लोग हिंसात्मक भी हो सकते हैं।

तर्क-विर्तक

आस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान वाद-विवाद की प्रकिया को सिखाने एवं सीखाने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यदि आपको ऐसा करने की आदत न हो या आप ऐसा करने से झिझकते हों तो आपको कुछ समय तक परेशानी हो सकती है परन्तु ऐसा करने पर आपको वाद-विवाद करने के मूल सिद्धांतो के विषय में भी जानकारी मिलेगी जो आपकी पढ़ाई में भी सहायक सिद्ध होंगे।

अत्यधिक जानकारी

ज़्यादातर अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आस्ट्रेलिया के माहौल की आदत पड़ने में कुछ हफ़्तों का समय लग जाता है। नई सभ्यताओं, घर की याद और यहाँ पर अपने रहन-सहन के इंतज़ाम के साथ-साथ आपको दी जाने वाली अत्यधिक जानकारी का भी सामना करना पड़ेगा। आपको इन सब का सामना हिम्मत से करना होगा और प्रारम्भ में जो जानकारी आपको अत्यधिक लग रही थी हो सकता है कि बाद में आपको उसकी अत्यन्त आवश्यकता हो।

घर के पते की जानकारी

आस्ट्रेलियाई सरकार और आपके विश्वविद्यालय के अतिरिक्त आपके परिवार वालों और दोस्तों को आपसे सम्पर्क करने की आवश्यकता पड़ सकती है इसलिए यदि आप अपना घर बदलें तो जान पहचान के लोगों को अपना पता ज़रूर दें। आप डाक विभाग से निवेदन कर सकते हैं कि आपके सारे पत्र नए पते पर भेज दिए जाएँ और यदि आप फिर से घर बदलने की सोच रहे हों तो आप डाक घर में एक बोक्स नम्बर ले सकते हैं जहाँ से आप नियमित रूप से अपनी डाक ले सकते हैं।

कुछ ऐसी बातें जो कहने से आस्ट्रेलियाई लोग अनजाने में आपको दुखी या अपमानित कर सकते हैं।

आस्ट्रेलिया में उपाधियाँ प्रदान नहीं की जातीं...

आस्ट्रेलिया में सभी लोगों को उनके नाम से पुकारा जाता है। यदि आपके देश में आयु में बड़े लोगों को आदर से बुलाने का चलन है तो यहाँ कि यह सभ्यता आपको अत्यन्त चकित करेगी। दूसरों को 'मिस्टर' या 'मिस' बुलाने की यह पुरानी प्रक्रिया अब केवल न्यायाल्यों में, नेताओं और स्कूलों में अध्यापकों के प्रति विद्यार्थियों में ही प्रचलित है।

घनिष्टता

अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आस्ट्रेलिया के दुकानदारों की बार-बार "आप कैसे हैं" पूछने की आदत बिल्कुल पसंद नहीं है। परन्तु यह आस्ट्रेलियाई लोगों की एक आदत है और हम इस विषय में आपकी सहायता करने में समर्थ नहीं हैं।

अपशब्दों का प्रयोग

अंग्रेज़ी भाषा में कई प्रकार के अपशब्द हैं जिनका पिछले कुछ समय में प्रयोग अत्यधिक बढ़ गया है और कुछ लोग अपनी हर बात में ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। आप लोगों को अपनी उपस्थिति में ऐसे शब्दों का प्रयोग करने से मना कर सकते हैं परन्तु वह लोग आपकी बात मानेंगे या नहीं, इसका आश्वासन नहीं दिया जा सकता।

कुछ ऐसी बातें जो कहने से आप अनजाने में आस्ट्रेलियाई लोगों को दुखी या अपमानित कर सकते हैं।

पंक्ति में खड़े होना

आस्ट्रेलिया के लोग समानता में विश्वास रखते हैं और इसे प्रदर्शित करने के लिए आस्ट्रेलिया के लोग पंक्ति बनाते हैं और अपनी बारी की प्रतीक्षा करते हैं और ऐसा करने देश के प्रमुख एवं प्रसिद्ध लोगों के लिए भी अनिवार्य है। आपके पंक्ति में न खड़े होने से आस्ट्रेलियाई लोगों को अत्यन्त गुस्सा आ सकता है।

यथासमय पहुँचना

आपसे समय पर पहुँचने की अपेक्षा की जाती है। आस्ट्रेलिया में सभी कार्य समय पर प्रारम्भ किए जाते हैं और देर से पहुँचना बुरा व्यवहार माना जाता है। व्यापार के क्षेत्र में और विश्वविद्यालयों में समय पर पहुँचना अत्यन्त आवश्यक माना जाता है।

रिश्वत

आस्ट्रेलिया में रिश्वत का लेन-देन अस्वीकृत है। कई देशों में अधिकारियों को पैसा देना उनके काम का ईनाम या काम करने का एक तरीक़ा माना जाता है। लेकिन आस्ट्रेलिया में सरकार द्वारा निर्धारित फ़ीस के अतिरिक्त यदि आप किसी को पैसे देते हैं तो आप आस्ट्रेलियाई कानून का उल्लंघन कर रहे हैं।

सड़क की ग़लत ओर चलना

यदि आपको अन्य कई देशों की भांति सड़क की दाहिनी ओर चलने और वाहन चलाने की आदत है तो आपको आस्ट्रेलिया में इस पर ध्यान देना होगा क्योंकि आस्ट्रेलिया में सड़क के बाईं ओर चलने का प्रचलन है। ऐसा करने से आप दुर्घटनाओं और इस कारण लोगों से होने वाले झगड़ों से बच सकते हैं।